JHAHIN/2014/58773

कांग्रेसियों ने काला कपड़ा पहनकर मनाया ‘काला दिवस’, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन

Spread the love

जमशेदपुर। देशव्यापी आंदोलन के तहत शनिवार को लौहनगरी जमशेदपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘काला दिवस‘ मनाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय (डीसी ऑफिस) के बाहर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे।

इस बड़े प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह समेत कई प्रदेश स्तरीय कांग्रेस नेताओं ने किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल उनके इस्तीफे की मांग की।

पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू और जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर देश के करोड़ों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से दुर्भावनापूर्ण तरीके से हटाए गए हैं। कांग्रेस नेताओं का गंभीर दावा है कि आगामी चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को अनुचित राजनीतिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां और अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का यह आंदोलन अब थमेगा नहीं और इसे ब्लॉक स्तर तक ले जाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!