एस पी ने कहा पुराने मामलों के वांटेड भी बख्शे नहीं जाएंगे
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर पुलिस को तीन साल पुराने चर्चित ईश्वर लाल ज्वेलर्स सोना लूटकांड में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर फरार चल रहे शातिर अपराधी को बिहार के वैशाली से धर दबोचा है। मामले का खुलासा करते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गायारि ने बताया कि वर्ष 2023 के इस सनसनीखेज कांड में फरार चल रहे आरोपी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर निवासी 26 वर्षीय सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदु के रूप में हुई है। 6 अगस्त 2023 की सुबह करीब 10:30 बजे आदित्यपुर के लाल बिल्डिंग स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स से हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 30 लाख रुपये मूल्य का 545 ग्राम सोना लूट लिया था।
पूर्व में पुलिस ने रूपेश झा उर्फ गोलू झा, अनुज कुमार झा, आशीष कुमार सिंह और पिंटू कुमार को हथियार व लूटे गए माल के साथ जेल भेज दिया था। हालांकि, सुरेश राय लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। वह पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था। पिछले 4-5 महीनों से पुलिस उस पर नजर बनाए हुए थी।
सरायकेला एसपी ने चेतावनी दी कि पुराने मामलों में वांछित किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस लगातार अभियान चलाकर सभी मामलों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाएगी। ।














Leave a Reply