चांडिल (सरायकेला-खरसावां)। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिसिया इकबाल को खुली चुनौती दी है। चांडिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित चांडिल बस स्टैंड के समीप शुक्रवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर पर धावा बोलकर लगभग 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की डकैती को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय बाजार समिति ने पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
पिस्टल की नोंक पर परिवार को बनाया बंधक, बदमाशों ने बोली बांग्ला
घटना शुक्रवार देर रात 1 से 2:30 बजे के बीच की है। लक्ष्मी ज्वेलर्स के मालिक सुरेश चौधरी के घर में 7-8 नकाबपोश अपराधी मुख्य दरवाजे से दाखिल हुए। सभी बदमाश पिस्टल और बंदूकों से लैस थे। सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी ने बताया कि अपराधियों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था और वे आपस में बांग्ला भाषा में बात कर रहे थे। उमंग ने साहस दिखाते हुए चार बदमाशों को दबोच भी लिया था, लेकिन एक अपराधी ने उनके सिर पर पिस्टल सटा दी, जिसके कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके बाद डकैतों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर अलमारी में रखे 1 करोड़ मूल्य के जेवरात और नकद लूट लिए और आराम से फरार हो गए।
45 साल बाद दोबारा हुई डकैती, 1981 में भी बना था निशाना
चौधरी परिवार के साथ यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले साल 1981 में भी सुरेश चौधरी के घर पर डकैती हुई थी। अब ठीक 45 साल बाद, साल 2026 में अपराधियों ने दोबारा उसी घर को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। वर्तमान में सुरेश चौधरी का व्यवसाय बंद था, लेकिन घर में पुश्तैनी जेवरात रखे हुए थे।
जांच में जुटी पुलिस, पत्रकार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी और सर्किल इंस्पेक्टर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया जा रहा है। इस खौफनाक माहौल के बीच एक सकारात्मक खबर भी आई। समाचार संकलन के लिए पहुंचे स्थानीय पत्रकार प्रकाश कुमार को गली में डकैतों द्वारा गिराई गई 2 लाख रुपये की सोने की चेन मिली, जिसे उन्होंने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए उमंग चौधरी को वापस सौंप दिया। बाजार समिति ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
















Leave a Reply