JHAHIN/2014/58773

दरिंदगी: स्कूल से लौटकर खेत गई 9वीं की आदिवासी छात्रा का झाड़ियों में मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भड़का आक्रोश

Spread the love

दुमका। जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा का शव उसके घर से महज 500 मीटर दूर झाड़ियों से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

अकेले घर लौट आई गाय, पर नहीं लौटी बेटी

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, 9वीं क्लास में पढ़ने वाली यह छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। घर पर खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह मवेशियों को लाने के लिए पास के मैदानी व खेत वाले इलाके की तरफ गई थी। कुछ देर बाद गाय तो अकेले घर लौट आई, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब छात्रा वापस नहीं पहुंची, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

देर शाम सर्च ऑपरेशन में मिली लाश, मिले कुछ कपड़े

बेटी के घर न लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे गांव के पास की झाड़ियों में छात्रा का शव बरामद हुआ। शव के पास ही कुछ कपड़े भी बिखरे मिले, जिससे यौन उत्पीड़न की आशंका को बल मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

रातभर डटी रही पुलिस, जांच में जुटी डॉग स्क्वायड की टीम

जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात डीएसपी भी भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर विभिन्न पहलुओं पर गहन छानबीन की है। रातभर पुलिस की जांच-पड़ताल का सिलसिला जारी रहा और थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर डटे रहे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है। घटनास्थल और शव की स्थिति दुष्कर्म के बाद हत्या की ओर इशारा कर रही है, हालांकि वारदात की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!