मसलिया। थाना क्षेत्र के रानीघाघर पंचायत भवन के समीप स्थित एक मोबाइल दुकान में शुक्रवार रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर 12 मोबाइल फोन और 60 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है। पीड़ित दुकानदार नारायण पाल के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नारायण पाल प्रतिदिन की तरह शुक्रवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर खाना खाने के लिए लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित अपने घर चले गए थे। रात करीब 9 बजे जब वे सोने के लिए दोबारा दुकान पहुंचे, तो दुकान का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। दुकान के अंदर जांच करने पर काउंटर में रखे 12 मोबाइल फोन और दराज में रखे 60 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना मसलिया थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ रात करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। खबर लिखे जाने तक दुकानदार की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पंचायत भवन जैसे व्यस्त इलाके में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।















Leave a Reply