JHAHIN/2014/58773

बिंदल मॉल गोलीकांड का बड़ा खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दोनों मुख्य शूटर घायल

Spread the love

8 अपराधी गिरफ्तार, दो पिस्टल और कारतूस बरामद; पुलिस से सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना में शामिल कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और घटना में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट में दोपहर करीब 1:30 बजे डोमनिक सैमसन, रिजवान और दानिश पर तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस दौरान करीब 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दानिश और कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने जांच के दौरान घटना के कथित मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान कर उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आगे की जांच में गोलीकांड को अंजाम देने वाले मोहन यादव और अजीत मंडल को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। वहीं अविनाश ठाकुर तथा आरोपियों को संरक्षण देने और भागने में मदद करने के आरोप में रुपेश कुमार और ओम सिंह उर्फ ओम बच्चा को ग्रीन ड्राइव गोलचक्कर, निर्मलनगर से गिरफ्तार किया गया।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहन यादव और अजीत मंडल ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और गोलियां मरीन ड्राइव स्थित फगु बाबा आश्रम के पीछे झाड़ियों में छिपाई गई हैं। हथियार बरामद करने के लिए सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची।

पुलिस का दावा है कि दो पिस्टल और गोलियां बरामद करने के बाद जब टीम वापस लौट रही थी, तभी अजीत मंडल ने एक पुलिसकर्मी का सर्विस रिवॉल्वर झपट लिया और पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रुकने की चेतावनी देने पर आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन राउंड गोली चलाई गई। इस दौरान मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर के निचले हिस्से में एक-एक गोली लगी। दोनों को काबू में करने के बाद घायल अवस्था में पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए MGM अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में कुल आठ अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें तीन आरोपी घटना के दौरान मौके पर मौजूद थे, जबकि अन्य आरोपियों पर घटना की योजना बनाने, अपराधियों को संरक्षण देने, सहयोग करने और भागने में मदद करने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!