जमशेदपुर। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस का अनोखा अंदाज शनिवार को देखने को मिला। साकची गोलचक्कर पर बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चला रहे लोगों के खिलाफ तत्काल चालान काटने के बजाय ट्रैफिक पुलिस ने गांधीगिरी का रास्ता अपनाया। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे बाइक चालकों को हेलमेट देकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी ने खुद मोर्चा संभालते हुए दो दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट वितरित किए और उन्हें सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। पुलिस अधिकारियों ने बाइक चालकों को समझाया कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि यह उनकी जिंदगी की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
ट्रैफिक पुलिस ने बाइक चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट दिए जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद यदि कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान ट्रैफिक डीएसपी ने आम लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल जरूर करें। वहीं, कार चालकों को भी सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाने की सलाह दी गई।
ट्रैफिक पुलिस की इस पहल का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों तथा गंभीर चोटों को रोकना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।















Leave a Reply