JHAHIN/2014/58773

काठीकुंड छात्रा हत्याकांड पर डालसा की त्वरित पहल,  जिला जज के निर्देश पर पीड़ित परिवार को विधिक सहायता

Spread the love

न्याय की राह में पीड़ित परिवार के साथ डालसा

दुमका। काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा की हत्या की दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका, सुधांशु कुमार शशि ने अखबार में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लिया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका के सचिव, विवेक कुमार को आवश्यक निर्देश देते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल विधिक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने की पहल करने को कहा।

प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका के सचिव द्वारा पैरा लीगल वॉलंटियर्स  की एक टीम गठित कर पीड़ित परिवार से संपर्क स्थापित करने तथा उन्हें आवश्यक विधिक सहायता प्रदान करने के लिए भेजा गया। टीम ने पीड़ित परिवार की स्थिति एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देने और उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया तथा पीड़ित परिवार से आर्थिक मुआवजा तथा विधिक सहायता हेतु आवेदन भी प्राप्त किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी, आवश्यक मार्गदर्शन तथा न्याय प्राप्त करने में सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक या अन्य किसी कठिनाई के कारण परिवार न्याय से वंचित न रहे।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर की गई यह पहल पीड़ितों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!