आदित्यपुर। दुर्गा पूजा में आयड़ा खाओ गली में महज ₹150 के चाउमीन और चिकन चिली के आर्डर पर हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और कढ़ाई भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक (FSL) भेज दिया गया है।
ऑर्डर में देरी और गाली-गलौज से भड़की चिंगारी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और शिकायतकर्ता सागर झा के लिखित शिकायत के अनुसार उस रात वह अपने दोस्तों के साथ खाओ गली स्थित दुकान पर हाफ चाऊमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे। ₹150 का भुगतान हो चुका था, लेकिन ऑर्डर मिलने में देरी होने लगी। इस बात को लेकर शुरू हुई नोकझोंक गाली-गलौज में बदल गई। हालांकि दुकानदार ने पैसे लौटा दिए थे, लेकिन विवाद थमा नहीं और देखते ही देखते दुकानदार का पूरा परिवार उग्र हो उठा।
चाकू के वार से बुझ गया घर का चिराग
विवाद के दौरान सालडीह बस्ती (हरी मंदिर, डी रोड) निवासी दुकानदार परिवार ने हमला बोल दिया। आरोप है कि बेटे ऋषभ बरुवा ने अचानक चाकू निकाल लिया और ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की जान चली गई। वहीं बीच-बचाव में आए सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है।
सलाखों के पीछे पहुंचा पूरा परिवार
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि सागर झा की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा, उसके भाई मोहित बरुवा, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका बरुवा और बहन मुक्ति बरुवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू और तवा जब्त किया है। त्योहार की रात चंद रुपयों और क्षणिक गुस्से ने एक होनहार युवक की जान ले ली, वहीं दूसरे परिवार भी सलाखों के पीछे तबाह हो गया।
















Leave a Reply