JHAHIN/2014/58773

बढ़ते अपराध के बीच पुलिस की रात्रि गश्ती हुई तेज, सड़कों पर उतरा पुलिस बल

Spread the love

जमशेदपुर। शहर में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रात्रि गश्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में शनिवार रात विशेष रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी पूरे दल-बल के साथ थाना क्षेत्र की विभिन्न मुख्य सड़कों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी गश्त करते नजर आए।

रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और विभिन्न गलियों का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती। देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गली-गली रात्रि गश्ती की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना किसी आवश्यक कार्य के देर रात घर से बाहर न निकलें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दे। थाना प्रभारी ने लोगों से शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में रात्रि गश्ती और निगरानी अभियान जारी रहेगा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!