जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उड्डीप्पी रेस्टोरेंट में शनिवार को हुई फायरिंग की घटना की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल तीन संदिग्धों की पहचान की है। जांच में सामने आया है कि दो युवक रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचे थे, जबकि तीसरा युवक गाड़ी को स्टार्ट रखकर बाहर इंतजार कर रहा था।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों हमलावरों ने रेस्टोरेंट के अंदर गोलीबारी की और बाहर निकलते ही तीसरे साथी ने उन्हें गाड़ी में बैठाया। इसके बाद तीनों डोबो पुल के रास्ते चांडिल की ओर फरार हो गए।
पुलिस जांच के मुताबिक, गाड़ी मानगो निवासी कुंदन कुमार चला रहा था। वाहन की बीच वाली सीट पर सोनारी निवासी मोहन यादव बैठा था, जबकि पीछे की सीट पर सरायकेला निवासी अजीत मंडल के होने की बात सामने आई है। पुलिस इन तीनों की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच में अजीत मंडल का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आने की बात कही जा रही है। वह देवघर में हुए मानगो निवासी अमरनाथ सिंह ह..त्याकांड का आरोपी रहा है। वहीं, मोहन यादव सोनारी निवासी राजाराम यादव का पुत्र बताया जा रहा है और वह हाल ही में जेल से बाहर आया है। वह सोनारी के अमित राय हत्याकांड में सजायाफ्ता रह चुका है।
पुलिस इस फायरिंग को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है। जांच में डोमिनिक सैमसंग के माशूक-मनीष गिरोह से कथित जुड़ाव और अजीत मंडल के साथ पूर्व में हुई गोलीबारी के बिंदु को भी खंगाला जा रहा है। इसके अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद और गैंगवार के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।















Leave a Reply